Thursday 29 January 2015

समाजसेवा से राजसेवा की ओर, पर क्या काजसेवा होगी?

अरविन्द केजरीवाल और किरण बेदी, इन दोनों को किसी परिचय की ज़रुरत नहीं है, दोनों ने अन्ना के जनलोकपाल आंदोलन को कारगर बनाने में एक अहम योगदान दिया। एक ऐसा आंदोलन जहाँ हर इंसान, या यूं कहूँ की हर भारतीय इस आंदोलन से जुड़ा था। आपको याद ही होगा जब लगभग हर भारतीय ये नारा दे रहा था,'मैं भी अन्ना, तू भी अन्ना, अब तो सारा देश है अन्ना' और वो नेहरू टोपी जिसे गांधी टोपी बता दिया गया था, वास्तव में अन्ना टोपी के रूप में प्रसिद्ध हो गई थी।


वो दौर था जब केजरीवाल और बेदी दोनों ही किसी भी पार्टी में ना जाने की बात करते थे और साथ ही किसी नयी पार्टी को बनाने के भी, और दोनों एक ही सुर में गाया करते थे।

पर आज सुर बेसुरे हो गए है। आज वो एक के साथ नहीं चलते। जहाँ एक ओर केजरीवाल ने अपनी पार्टी बना ली है, वही कल तक भारतीय जनता पार्टी का विरोध करने वाली किरण बेदी ने हवा को देखते हुए सत्ताधारी लोगों से हाथ मिला लिए है और इसका फायदा भी उन्हें मिला है, उन्हें फ़ौरन ही एक टिकट भी मिल गया और दिल्ली चुनाव में वो अपनी पार्टी की मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार भी। इसे कहते है पाँचों उँगलियाँ घी में। बस ड़र है की कहीं सर कढ़ाई में ना हो जाए। ये तो हकीकत है की भारतीय जनता पार्टी ने पहले जगदीश मुखी को अपना मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार चुना था, मगर ना तो उनको जनता जानती थी और ना ही ज़्यादातर कार्यकर्ता। हाँ, विजय गोएल की बात और है, क्योंकि वो अपने बेतुके बयानों के कारण अख़बारों में थोड़ी बहुत जगह बनाने में सफल रहे थे।

49 दिनों की सरकार में केजरीवाल ने कुछ काम किया था तो वही उनके नेताओ ने उनकी मिट्टी भी पलीत की थी। अब दूसरी ओर उनकी अपनी पुरानी सहयोगी है, जिसे वो अब अवसरवादी कह रहे है। वैसे कहने को कुछ भी कहिए,'ये पब्लिक है, ये सब जानती है'। कल तक ग़लबाहे डाले घूमने वाले, आज एक दूसरे के विरोधी है। ये तो हम सब जानते है की केंद्र की सरकार भी भारतीय जनता पार्टी की है, और गर दिल्ली में भी उन्ही की सरकार होगी तो असल में बन्दूक चलेगी केंद्र से और मजबूरन दिल्ली की मुख्यमंत्री 'मनमोहन' मोड में काम कर रही होंगी।

यहाँ मैं ये स्पष्ट कर दूँ की मैं किसी पार्टी के पक्ष या विपक्ष में नहीं कह रहा हूँ। मैं तो बस इतना कह रहा हूँ की वोट सोच समझ कर कीजिए और ज़रूर कीजिए।

No comments:

Post a Comment